पल्स पोलियो अभियान के चयनित स्वास्थ्यकर्मी हुए सम्मानित

पल्स पोलियो अभियान के चयनित स्वास्थ्यकर्मी हुए सम्मानित

प्रमोद कुमार 

- आशा व एएनएम को पल्स पोलियो अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने पर किया गया पुरस्कृत

- मोतिहारी सदर प्रखंड के तीन कर्मियों को मिला प्रशस्ति- पत्र

मोतिहारी, 17  मार्च। पल्स पोलियो अभियान में घर-घर घूमकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने वाली जिले की चयनित एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति- पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूर्वी चम्पारण के सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने कहा कि कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर टीकाकर्मियों को सम्मानित करने के निदेश दिये गये थे।

उक्त निदेश के आलोक में जिले में प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली एएनएम,आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिले में 27 फरवरी से आरंभ पल्स पोलियो अभियान के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली एएनएम को दिया गया।

जिसमें पल्स पोलियो अभियान में शामिल शहर में सेविका, सहायिका और ग्रामीण क्षेत्र में एएनएम और आशा कार्यकत्ता को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने में इनसभी स्वास्थ्य कर्मियों का बहुत बड़ा योगदान है, इसलिए इन्हें सम्मानित करने में भी ख़ुशी महसूस हो रही है।


बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए यह अच्छी पहल है। इससे न केवल सम्मानित होने वाले कर्मियों को सम्मान मिलता है बल्कि पूरे इलाके का मान-सम्मान बढ़ता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपील करते हुए कहा सभी लोग इसी तरह मेहनत करते हुए आगे बढ़े और पूरे संस्थान व इलाके का मान-सम्मान बढ़ाते रहें।

मोतिहारी सदर प्रखंड के तीन कर्मियों को मिला प्रशस्ति- पत्र-
मोतिहारी सदर प्रखण्ड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रवण कुमार पासवान ने बताया कि हमारे प्रखण्ड से 3 स्वास्थ्य कर्मियों जिनमें 1 एएनएम शान्ति देवी, आशा- मीना विश्वास, गीता देवी का चयन किया गया जिन्होंने पल्स पोलियो अभियान में बेहतर कार्य किया है।


स्वास्थ्य प्रबंधक संध्या कुमारी ने बताया कि बच्चों को पोलियो बीमारी से बचाने के लिए पोलियो उन्मूलन अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों ने काफी मेहनत की है। इन्होंने इस बात का ध्यान रखा कि कोई भी 5 वर्ष से कम उम्र का बच्चा इस अभियान में न छूटे।


अभियान के दौरान इन लोगों ने घरों के साथ साथ, महादलित टोलों,भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों ,बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का काम किया है। जिसकी जितनी भी तारीफ करें कम है।
मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक संध्या कुमारी, डॉ दिलीप कश्यप, डॉ खालिद अख्तर,डॉ शिल्पी श्रीवास्तव, यूनिसेफ के बीएमसी मृत्युंजय कुमार, विनोद राम, मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।