कारगर सिद्ध हो रहा युवा क्लीनिक किशोरावस्था के परिवर्तनों से कराया जा रहा अवगत

कारगर सिद्ध हो रहा युवा क्लीनिक किशोरावस्था के परिवर्तनों से कराया जा रहा अवगत

जिले में संचालित है पांच युवा क्लीनिक 
• सबसे अधिक अमनौर में किशोर-किशारियों का हुआ उपचार
• 3059 किशोर-किशोरियों को मिला लाभ


छपरा,09 मार्च। किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति स्वास्थ्य विभाग सजग है। इसको लेकर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके तहत गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 5 युवा क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य समिति के डीसीएम ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवा क्लीनिक में 10 से 19 वर्ष के किशोर, किशोरियों के लिए परामर्श सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिसमें प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य, किशोरावस्था के दौरान विकास एवं पोषण संबंधी परामर्श, एनीमिया की जांच उपचार व परामर्श, मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं के निदान हेतु परामर्श, प्रसव पूर्व जांच एवं परिवार नियोजन एवं गर्भनिरोध, सुरक्षित गर्भपात हेतु सलाह एवं मार्गदर्शन, विवाह की आयु पर आवश्यक परामर्श, रेफरल सेवा से संबंधित जानकारी एवं परामर्श, घरेलू एवं यौन हिंसा से संबंधित परामर्श के अलावा मादक एवं नशीले पदार्थ के सेवन के रोकथाम हेतु परामर्श दिया जाता है। एनीमिया की रोकथाम के लिए भी इस कार्यक्रम के तहत प्रयास किया जा रहा है। आरोग्य दिवस पर, आंगनबाड़ी केंद्रों पर, स्कूलों में आयरन की गोली और सिरप का वितरण किया जाता है। शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग की सहभागिता जरूरी है। 
किशोरावस्था में होते है शरीरिक बदलाव:
सिविल सर्जन डॉ. सागर दुलाल सिन्हा ने कहा कि किशोरावस्था कई मायने में उम्र का संवेदनशील पड़ाव माना जाता है। इस अवस्था में कई तरह के शरीरिक बदलाव भी आते हैं। साथ ही कुछ दिक्कतें भी आती हैं। उन दिक्कतों को किशोर-किशोरी नजरअंदाज कर देते हैं। कुछ समस्याओं को संकोचवश किसी से साझा भी नहीं करते। इन्हीं बातों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग ने युवा क्लीनिक की अवधारणा तैयार की है। 
3059 किशोर-किशोरियों का हुआ उपचार:
डीसीएम ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में संचालित युवा क्लीनिक में अप्रैल माह 2021 से लेकर जनवरी माह 2022 तक 3059 किशोर-किशोरियों का इलाज किया गया है। सदर अस्पताल में 630, सोनपुर में 752, मढौरा में 305, अमनौर में 1375 किशोर-किशोरियों का उपचार किया गया है। ऐसे में यह युवा क्लीनिक जिले के किशोर-किशोरियों के लिए कारगर साबित हो रहा है। 

इन पांच जगहों पर संचालित है युवा क्लीनिक:
• सदर अस्पताल छपरा
• रेफरल अस्पताल, मढौरा
• सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमनौर
• सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रिविलगंज
• अनुमंडलीय अस्पताल, सोनपुर।